अडानी इलेक्ट्रिसिटी के बढ़े बिजली बिल और सिक्योरिटी डिपॉजिट के खिलाफ मनसे का आंदोलन, स्मार्ट मीटर को लेकर भी नागरिकों में नाराजगी
मीरा-भायंदर के नवघर नाका पर अडानी इलेक्ट्रिसिटी के बढ़े बिजली बिल, सिक्योरिटी डिपॉजिट और स्मार्ट मीटर के विरोध में मनसे ने आंदोलन किया। शहर अध्यक्ष संदीप राणे के नेतृत्व में नागरिकों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया
अडानी इलेक्ट्रिसिटी के बढ़े हुए बिजली बिल, सिक्योरिटी डिपॉजिट की कथित अनिवार्यता और स्मार्ट मीटर के विरोध में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से नवघर नाका पर आंदोलन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व मनसे मीरा-भायंदर शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने किया। इस दौरान शहर संगठक अनिल रानावडे समेत बड़ी संख्या में मनसे कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। बढ़े हुए बिजली बिल, सिक्योरिटी डिपॉजिट और स्मार्ट मीटर को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। मनसे ने प्रशासन और संबंधित बिजली कंपनी से इन मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।
आंदोलन के दौरान स्मार्ट मीटर के विरोध में नागरिकों से हस्ताक्षर भी करवाए गए। मनसे ने कहा कि इस अभियान के जरिए नागरिकों की आपत्तियों और समस्याओं को दर्ज कर उन्हें संबंधित प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने कहा कि आम नागरिकों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बढ़े हुए बिजली बिल, सिक्योरिटी डिपॉजिट और स्मार्ट मीटर को लेकर नागरिकों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन को नागरिकों का उत्स्फूर्त समर्थन मिलने का दावा मनसे की ओर से किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे
What's Your Reaction?