317 चर्मकार स्टॉलधारकों के समर्थन में उतरे प्रताप सरनाईक, ठराव नंबर 60 रद्द करने की मांग

मीरा-भाईंदर में 317 अधिकृत चर्मकार स्टॉलधारकों और दिव्यांग लाइसेंसधारकों के रोजगार पर संकट को लेकर मंत्री प्रताप सरनाईक ने आंदोलनकारियों से मुलाकात की। ठराव नंबर 60 रद्द करने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की।

Nov 23, 2026 - 23:02
 0  0
317 चर्मकार स्टॉलधारकों के समर्थन में उतरे प्रताप सरनाईक, ठराव नंबर 60 रद्द करने की मांग

मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के ठराव नंबर 60 को लेकर चर्मकार समाज का आंदोलन तेज हो गया है। शहर के 317 अधिकृत चर्मकार स्टॉलधारकों और दिव्यांग लाइसेंसधारकों की आजीविका पर संकट की आशंका के बीच परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने आंदोलनकारियों का समर्थन करते हुए इस प्रस्ताव को रद्द करने की मांग उठाई है।

सोमवार को मंत्री प्रताप सरनाईक ने भाईंदर पश्चिम स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान में पिछले पांच दिनों से परिवार सहित धरना दे रहे चर्मकार समाज के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आंदोलनकारियों को भरोसा दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और उनकी मांगों को लेकर सरकार के स्तर पर हस्तक्षेप किया जाएगा।

मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की 13 अगस्त 2026 को आयोजित महासभा में सत्ताधारी पक्ष द्वारा ठराव नंबर 60 मंजूर किया गया था। चर्मकार समाज का आरोप है कि इस फैसले से पारंपरिक व्यवसाय करने वाले चर्मकारों और आत्मनिर्भर दिव्यांग लाइसेंसधारकों की रोजी-रोटी प्रभावित हो सकती है। इसी के विरोध में मीरा-भाईंदर शहर चर्मकार संस्था ने आंदोलन शुरू किया था और मंत्री सरनाईक को ज्ञापन सौंपा था।

सरनाईक ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार ही 317 चर्मकार कामगारों को अधिकृत स्टॉल आवंटित किए गए हैं। अनधिकृत स्टॉलों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन अधिकृत स्टॉलधारकों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा को भी स्पष्ट निर्देश दिए।

मंत्री ने उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर ठराव नंबर 60 पर पुनर्विचार कर उसे रद्द करने, अंतिम निर्णय होने तक स्टॉलधारकों और दिव्यांग लाइसेंसधारकों के व्यवसाय पर किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण कार्रवाई रोकने की मांग की है। इस मामले में सरनाईक ने न्याय मिलने तक आगे भी प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow