नरेंद्र मेहता का कार्यकर्ताओं को संदेश—जनता के विश्वास पर खरा उतरें, शहर के विकास के लिए जुट जाएं
मीरा-भाईंदर में बीजेपी के दिवाली स्नेह सम्मेलन और कार्यकर्ता मेळावे में विधायक नरेंद्र मेहता ने जनता का आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं से उनके विश्वास पर खरा उतरने और शहर के विकास के लिए जुटने की अपील की। मेहता ने चुनावी जीत, मेट्रो, सूर्या जल परियोजना और शहर के विकास कार्यों का श्रेय बीजेपी को देते हुए प्रताप सरनाईक पर भी कटाक्ष किया।
मीरा-भाईंदर में रविवार शाम करीब 6 बजे भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवन इलेवन अकादमी स्कूल मैदान में बीजेपी नगरसेवकों और कार्यकर्ताओं के लिए दिवाली स्नेह सम्मेलन एवं कार्यकर्ता मेळावे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक नरेंद्र मेहता ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से लोगों के विश्वास पर खरा उतरने और शहर के विकास के लिए लगातार काम करने की अपील की।
मेहता ने कहा कि शहर की जनता ने उन्हें दूसरी बार भारी मतों से विधायक चुना है, वहीं महानगरपालिका चुनाव में भी बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। उन्होंने इस सफलता के लिए शहरवासियों, पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता ने मतदान के जरिए सही और गलत का फैसला दिखा दिया है, लेकिन कुछ लोगों को अब भी हार पच नहीं रही है और वे लगातार झूठे आरोप लगा रहे हैं। ऐसे आरोपों पर ध्यान देने के बजाय जनता के काम पर फोकस करने की अपील उन्होंने कार्यकर्ताओं से की।
मेहता ने कहा कि सच्चे कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के सहयोग से महानगरपालिका चुनाव में बीजेपी का ‘70 पार’ का लक्ष्य संभव हुआ और पार्टी का जनाधार जनता ने साबित किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को दिवाली और नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों के लिए लगातार काम करने का संदेश दिया।
शहर के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मेहता ने मेट्रो, सूर्या जल परियोजना, सीमेंट सड़कें, रजिस्ट्रेशन कार्यालय, राशनिंग कार्यालय और तहसील कार्यालय जैसी परियोजनाओं का श्रेय बीजेपी को दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मीरा-भाईंदर को विशेष महत्व दिया है। मेट्रो और सूर्या परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने पानी के मुद्दे पर भी भरोसा जताया कि जल्द ही शहर में पानी की कमी की समस्या दूर होगी।
इस दौरान मेहता ने 75 एमएलडी पानी मंजूर होने और परियोजनाओं के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए प्रताप सरनाईक पर नाम लिए बिना कटाक्ष भी किया।
कार्यक्रम में महापौर डिंपल मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील, स्थायी समिति सभापति हसमुख गेहलोत, जिलाध्यक्ष दिलीप जैन, महिला जिलाध्यक्ष वैशाली भोईर, युवा अध्यक्ष रणवीर वाजपेयी सहित सभापति, नगरसेवक, नगरसेविकाएं, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?