पुलिस को गाली देने वाला वीडियो बनाना पड़ा भारी, मीरा रोड पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार 1 फरार
मीरा भाईंदर में पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर गाली देते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में मीरा रोड पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों ने हद्दपारी आदेश का भी उल्लंघन किया है
मीरा भाईंदर शहर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में मीरा रोड पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, भाईंदर पश्चिम स्थित हिटमैन टर्फ, माहेश्वरी भवन रोड पर कुछ लोग शराब के कैन हाथ में लेकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कथित रूप से अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि वीडियो में अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया तथा इसे इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को मिलने के बाद वीडियो बनाने वालों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान मीरा रोड पुलिस ने अंश साहिल राज, वासुदेव संजय सिंह, पीयूष मनोज सिसोदिया और नितेश प्रमोदकुमार शर्मा को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, अंश साहिल राज और वासुदेव संजय सिंह दोनों के खिलाफ पहले से हद्दपारी की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद उनके मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में आने की बात सामने आई है, जिसके चलते हद्दपारी आदेश के उल्लंघन का मामला भी सामने आया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है
What's Your Reaction?