मुंबई लोकल में मामूली विवाद बना खूनी वारदात, दरवाजा बंद करने को लेकर युवक की हत्या; आरोपी गिरफ्तार
मुंबई लोकल में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बोरीवली स्टेशन से फरार हुआ आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। मुंबई लोकल में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बोरीवली स्टेशन से फरार हुआ आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मूसलाधार बारिश के बीच चर्चगेट से नालासोपारा जा रही फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस घटना में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मंगलवार रात भारी बारिश के कारण ट्रेन में काफी भीड़ थी। डिब्बे में पानी आने से रोकने के लिए दरवाजा बंद करने को लेकर मयंक लोहार और एक सहयात्री के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू से मयंक के पेट पर कई वार कर दिए।
चलती ट्रेन में हुए इस हमले से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और गंभीर रूप से घायल मयंक डिब्बे में ही गिर पड़ा। रात करीब 11:04 बजे ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचते ही आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और घायल मयंक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?