प्रयागराज में MD ड्रग्स की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 21 आरोपी गिरफ्तार; 139 करोड़ का माल जब्त
नालासोपारा MD ड्रग्स तस्करी मामले की जांच प्रयागराज तक पहुंची। गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 ने अवैध MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 69.759 किलो MD, 260 लीटर रसायन और लैब उपकरण समेत करीब 139 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया
नालासोपारा पूर्व से शुरू हुई MD ड्रग्स तस्करी की जांच उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक जा पहुंची। मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 ने प्रयागराज में MD ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई में कुल 69 किलो 759 ग्राम MD ड्रग्स, करीब 260 लीटर रसायन, ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्रयोगशाला का सामान और नकदी समेत लगभग 139 करोड़ रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
मामले की शुरुआत 24 जून 2026 की रात नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर से मनवेलपाड़ा रोड के पास हुई थी। पुलिस ने अविनाश उर्फ सोनू लोकनाथ अय्यर और रविकांत ओमप्रकाश राम को 112 ग्राम MD ड्रग्स के साथ पकड़ा था। इसके बाद तुलिंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 को सौंपी गई।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मुंबई, नालासोपारा, कल्याण, नेरळ, जलगांव, गुजरात और उत्तर प्रदेश में कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गुजरात में भी फैक्ट्री लगाने की कोशिश
जांच में सामने आया कि कुछ आरोपियों ने गुजरात के कच्छ जिले के अबडासा तालुका स्थित सांधाण गांव की कृषि भूमि पर MD बनाने की अवैध फैक्ट्री शुरू की थी। पुलिस ने संबंधित स्थान की पहचान कर वहां भी कार्रवाई की।
इसके अलावा MD बनाने के लिए जरूरी लैब सामग्री और रसायन नेरळ, रायगढ़ में छिपाकर रखे गए थे। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद आरोपियों ने इसे विरार-जेएनपीटी एक्सप्रेस हाईवे के रायते, कल्याण इलाके में फेंककर नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सामान बरामद कर लिया।
कुर्ला से 11.804 किलो MD और 98.70 लाख नकद बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने MD की तस्करी और बिक्री करने वाले मोहम्मद हसीब सिद्दीकी उर्फ इजाज मर्चेंट को कुर्ला से गिरफ्तार किया। उसके पास से 11 किलो 804 ग्राम MD और 98.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
आरोपी द्वारा जलगांव में MD बेचने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने रहीम पिंजारी और सैयद मुशाइद अली को जलगांव से पकड़ा। उनके पास से 4 किलो 911 ग्राम MD बरामद किया गया।
प्रयागराज में चल रही थी MD बनाने की फैक्ट्री
तकनीकी जांच और आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि जब्त MD को रजनीश रामचंद्र मिश्रा और शिवधन शंभनाथ मिश्रा से खरीदा गया था। दोनों से पूछताछ के बाद प्रयागराज के मेजा तहसील क्षेत्र के कोसाड़ा कला, मांडा में किराए की कृषि भूमि पर बने टिन शेड में MD तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद पुलिस टीम ने प्रयागराज में छापा मारकर 52 किलो 932 ग्राम MD ड्रग्स बरामद किया।
साथ ही MD बनाने में इस्तेमाल होने वाले MMA (Mono Methylamine), Acetone, Hydrochloric Acid और Chloroform समेत करीब 260 लीटर रसायन तथा 250 और 150 लीटर क्षमता के फ्लास्क, हीटिंग मेंटल, ड्रॉपिंग फनल और थर्मामीटर जैसे प्रयोगशाला उपकरण भी जब्त किए गए।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आशंका
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में MD बनाने वाले, रसायन और लैब सामग्री उपलब्ध कराने वाले, ड्रग्स की तस्करी करने वाले, पेडलर और आर्थिक लेनदेन संभालने वाले अलग-अलग स्तर के आरोपी शामिल हैं।
जांच में एक संगठित गिरोह के जरिए नशीले पदार्थों का कारोबार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन होने का भी संदेह है। मामले की आगे की गहन जांच जारी है
What's Your Reaction?