वसई में पटाखे से कचरे में लगी आग, दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू
वसई पश्चिम के दीनदयाल नगर इलाके में देर रात पटाखे की चिंगारी से कचरे में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना गार्डन के पास की है। सूचना मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका के दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। नागरिकों से ज्वलनशील वस्तुओं और कचरे के आसपास पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की गई है।
वसई-विरार शहर में पटाखों के कारण आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच सोमवार देर रात करीब 12 बजे वसई पश्चिम के दीनदयाल नगर इलाके में कचरे में अचानक आग लगने की घटना सामने आई।
जानकारी के अनुसार, दीनदयाल नगर स्थित गार्डन के पास बाहर फेंके गए कचरे में आग लगी थी। बताया जा रहा है कि इलाके में नागरिक पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान एक पटाखा उड़कर कचरे में गिरा, जिसके कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना में गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। आग की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका के अग्निशमन दल ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
वहीं, त्योहारों के दौरान पटाखे फोड़ते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। नागरिकों से अपील की जा रही है कि कचरे और ज्वलनशील वस्तुओं के आसपास पटाखे न फोड़ें, ताकि इस तरह की आग की घटनाओं को रोका जा सके।
What's Your Reaction?