मिरा-भाईंदर में लगातार दूसरे दिन सरकारी कार्यालय में आग! मनपा मुख्यालय के बाद अब अपर तहसीलदार कार्यालय बना आग का निशाना
मिरा-भाईंदर में सरकारी कार्यालयों में आग लगने की लगातार दूसरी घटना सामने आई है। भाईंदर पश्चिम स्थित अपर तहसीलदार कार्यालय में रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। इससे एक दिन पहले मिरा-भाईंदर महानगरपालिका मुख्यालय में भी आग लगी थी। दोनों सरकारी कार्यालयों में महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड मौजूद होने के कारण आग की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
मिरा-भाईंदर में सरकारी कार्यालयों में आग लगने की लगातार दूसरी घटना सामने आने से हड़कंप मच गया है। भाईंदर पश्चिम स्थित अपर तहसीलदार कार्यालय में रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और नागरिकों में डर फैल गया।
आग की सूचना मिलते ही मिरा-भाईंदर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। साथ ही कार्यालय में मौजूद सरकारी दस्तावेजों और अन्य सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले यानी 2 नवंबर को भाईंदर पश्चिम स्थित मिरा-भाईंदर महानगरपालिका मुख्यालय के स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में भी सुबह करीब 8 बजे आग लगी थी। इस घटना में एसी, कंप्यूटर, फाइलें और अन्य सामान जलकर खाक हो गए थे।
अब लगातार दो दिनों में दो महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों में आग लगने की घटनाओं ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों ही कार्यालयों में महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और रिकॉर्ड मौजूद हैं। ऐसे में इन घटनाओं को लेकर आग लगने के वास्तविक कारणों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ये महज दुर्घटनाएं हैं या इसके पीछे कोई साजिश है? हालांकि, फिलहाल किसी भी तरह की साजिश की पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों और नुकसान का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मिरा-भाईंदर के नागरिकों की मांग है कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो और सरकारी कार्यालयों में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
What's Your Reaction?