मीरा-भाईंदर में अवैध छात्र परिवहन पर RTO की कार्रवाई, 18 वाहनों पर लगा ₹1.85 लाख का जुर्माना
मीरा-भाईंदर में अवैध छात्र परिवहन के खिलाफ RTO की बड़ी कार्रवाई। अब तक 18 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल ₹1.85 लाख का जुर्माना लगाया गया
शहर में अवैध रूप से विद्यार्थियों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के खिलाफ उप प्रादेशिक परिवहन कार्यालय, मीरा-भाईंदर की ओर से कार्रवाई तेज कर दी गई है। उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी प्रसाद नलवडे ने जानकारी दी कि अब तक कुल 18 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन कानून के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
शहर के विभिन्न इलाकों में स्कूल आने-जाने के लिए विद्यार्थियों को निजी वाहनों के जरिए परिवहन किए जाने की शिकायतें RTO विभाग को प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों के बाद विभाग ने अवैध छात्र परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई शुरू की।
मोटर वाहन निरीक्षक रविकिरण भड और दीपक ठाकरे, तथा सहायक मोटर वाहन निरीक्षक विजय चौधरी की टीम ने अब तक 18 वाहनों पर कार्रवाई की है। इन सभी वाहनों पर कुल ₹1,85,000 का जुर्माना लगाया गया है।
RTO विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से विद्यार्थियों का परिवहन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा है। विभाग की ओर से आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहने की जानकारी दी गई है
What's Your Reaction?