500 करोड़ के कर्ज पर मीरा-भाईंदर की सियासत गरम! प्रताप सरनाईक का नरेंद्र मेहता पर बड़ा हमला
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की संपत्ति गिरवी रखकर 500 करोड़ रुपये का कर्ज लेने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। मंत्री प्रताप सरनाईक ने नरेंद्र मेहता पर हमला बोलते हुए सड़क निर्माण कार्यों में कथित 23% कमीशनखोरी और निविदा प्रक्रिया की जांच की मांग की है
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की संपत्ति गिरवी रखकर 500 करोड़ रुपये का कर्ज लेने के प्रस्ताव को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि महानगरपालिका को गिरवी रखकर 500 करोड़ रुपये का कर्ज लेने की कोशिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
पत्रकार परिषद में सरनाईक ने सड़क निर्माण कार्यों में कथित 23 प्रतिशत कमीशनखोरी और निविदा प्रक्रिया की गहन जांच की मांग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कथित कर्ज प्रस्ताव को मंजूरी नहीं देने और पूरी निविदा प्रक्रिया की जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
सरनाईक ने आरोप लगाया कि महानगरपालिका में ठेकेदारों के बिल मंजूर कराने के लिए कोठारी नामक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर 23 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया, ठेकेदारों को दिए गए वर्क ऑर्डर और बिलों की मंजूरी में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
???? 500 करोड़ के कर्ज पर भी उठाए सवाल
प्रताप सरनाईक के मुताबिक, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका पर पहले से करीब 210 करोड़ रुपये का कर्ज है। ऐसे में महानगरपालिका की संपत्ति को 30 साल के लिए गिरवी रखकर 500 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेना शहर के नागरिकों पर आर्थिक बोझ डालने जैसा होगा।
सरनाईक ने दावा किया कि करीब 500 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं या अंतिम चरण में हैं। ऐसे में पुराने कामों के बिल चुकाने के लिए नया कर्ज लेने की जरूरत पर उन्होंने सवाल उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मेहता और बीजेपी का आंदोलन कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश है। सरनाईक ने साफ कहा कि अगर महानगरपालिका को गिरवी रखकर भ्रष्टाचार के लिए धन जुटाने की कोशिश हुई, तो वे इसके खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।
इस पूरे मामले के बाद मीरा-भाईंदर में बीजेपी और शिवसेना के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं
What's Your Reaction?