मनपा स्कूल की इमारत निजी संस्था को देने के प्रस्ताव का विपक्ष ने किया कड़ा विरोध
मीरा-भाईंदर के भाईंदर पूर्व स्थित मनपा स्कूल की इमारत एन.एल. डालमिया स्कूल को किराये पर देने के प्रस्ताव का विपक्ष ने विरोध किया है। जय ठाकुर ने कहा कि समावेशक आरक्षण से बनी यह इमारत विद्यार्थियों के भविष्य और मनपा की CBSE शिक्षा व्यवस्था के लिए इस्तेमाल होनी चाहिए
भाईंदर पूर्व स्थित पुराने समावेशक आरक्षण क्रमांक 115 की मनपा स्कूल इमारत को एन.एल. डालमिया स्कूल को किराये पर देने के प्रस्ताव का विपक्षी नगरसेवकों ने कड़ा विरोध किया है।
विपक्ष ने सवाल उठाया कि जब मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की 36 स्कूलों में हजारों विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और मनपा खुद CBSE शिक्षा व्यवस्था शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, तो उपलब्ध मनपा स्कूल की इमारत निजी संस्था को किराये पर देने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
विपक्षी नगरसेवकों का कहना है कि समावेशक आरक्षण के तहत बनी इस इमारत का इस्तेमाल शहर के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए होना चाहिए। एक तरफ मनपा स्कूलों में सुविधाओं की कमी है, वहीं दूसरी तरफ उपलब्ध शैक्षणिक इमारत निजी संस्था को सौंपने का प्रस्ताव शिक्षा नीति पर सवाल खड़े करता है।
भाईंदर पूर्व में CBSE स्कूल शुरू करने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है। ऐसे में विपक्ष ने प्रशासन से सवाल किया है कि इस इमारत का इस्तेमाल मनपा की अपनी CBSE शिक्षा व्यवस्था के लिए क्यों नहीं किया जा रहा?
विपक्ष ने आरोप लगाया कि शिक्षा के क्षेत्र में मनपा को अपनी जिम्मेदारी मजबूत करने के बजाय सार्वजनिक शैक्षणिक संपत्ति निजी संस्था को देने की दिशा में आगे बढ़ना विद्यार्थियों के हित में नहीं है।
मीरा-भाईंदर विकास आघाड़ी के नगरसेवक और गटनेता जय ठाकुर ने कहा कि मनपा की संपत्ति किसी निजी संस्था की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि जनता और विद्यार्थियों के भविष्य के लिए है। उन्होंने एन.एल. डालमिया स्कूल को इमारत किराये पर देने का प्रस्ताव तत्काल वापस लेने और इस इमारत का इस्तेमाल मनपा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं तथा CBSE शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए करने की मांग की
What's Your Reaction?