महज 5 घंटे में चोरी का पर्दाफाश! टेंपो से ₹5.50 लाख चोरी, चालक गिरफ्तार; पूरी रकम बरामद

मीरा रोड पूर्व के शीतलनगर इलाके में टेंपो के ड्रॉअर से 5.50 लाख रुपये चोरी होने के मामले में मीरा रोड पुलिस ने महज 5 घंटे में वारदात का पर्दाफाश किया। चोरी के आरोप में 27 वर्षीय टेंपो चालक को वडाला रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया और पूरी रकम बरामद कर ली गई।

Nov 19, 2026 - 22:30
 0  0
महज 5 घंटे में चोरी का पर्दाफाश! टेंपो से ₹5.50 लाख चोरी, चालक गिरफ्तार; पूरी रकम बरामद

मीरा रोड पुलिस ने टेंपो से 5 लाख 50 हजार रुपये चोरी होने के मामले का महज 5 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की पूरी रकम बरामद कर पुलिस ने मामले को सुलझा लिया। गिरफ्तार आरोपी 27 वर्षीय टेंपो चालक बताया जा रहा है, जिसे वडाला रेलवे स्टेशन परिसर के पास से पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को मीरा रोड पूर्व के शीतलनगर इलाके में चोरी की वारदात हुई थी। भांडुप पश्चिम निवासी 51 वर्षीय अक्रम समसुल्ला चौधरी पुराने सामान की खरीदारी के लिए टाटा टेंपो लेकर आए थे। उन्होंने सामान खरीदने के लिए लाई गई 5 लाख 50 हजार रुपये की नकदी टेंपो के ड्रॉअर में रखी थी।

जब वह पुराने सामान की खरीदारी करने गए, तो इसी दौरान टेंपो के ड्रॉअर में रखी पूरी नकदी चोरी हो गई। घटना सामने आने के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

जांच के दौरान टेंपो मालिक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के डोंगरी और सात रास्ता इलाके से संबंध होने तथा उसके वडाला रेलवे स्टेशन के आसपास होने का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने वडाला इलाके में तलाश शुरू की।

आरोपी के रेलवे स्टेशन की ओर जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने टेंपो मालिक की मदद से इलाके में जाल बिछाया। सीएसएमटी की ओर जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे आरोपी को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की पूरी 5 लाख 50 हजार रुपये की रकम बरामद कर ली। मीरा रोड पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow