बकरी ईद पर सोसायटी में बकरा लाने पर रोक तो वैकल्पिक व्यवस्था भी हो: अनिल सावंत
मीरा-भाईंदर में बकरी ईद के दौरान सोसायटी परिसर में बकरा लाने पर रोक के मुद्दे पर विपक्ष ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। अनिल सावंत ने कहा कि जहां सोसायटी की सहमति है वहां आपसी व्यवस्था की अनुमति दी जाए और जहां अनुमति नहीं है, वहां प्रशासन उचित स्थान उपलब्ध कराए
बकरी ईद के मद्देनजर सोसायटी परिसर में बकरा लाने पर रोक के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने प्रशासन के सामने कई सवाल उठाए हैं। विपक्ष का कहना है कि जहां सोसायटी प्रबंधन समिति और रहिवासियों को कोई आपत्ति नहीं है, वहां आपसी सहमति से बकरा रखने की व्यवस्था की अनुमति दी जानी चाहिए।
विपक्ष ने कहा कि जिन सोसायटियों में रहिवासियों को आपत्ति है, वहां नियमों का पालन होना चाहिए। लेकिन जहां सभी की सहमति है, वहां पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का औचित्य भी स्पष्ट किया जाना चाहिए।
विपक्ष ने प्रशासन से सबसे अहम सवाल पूछा कि यदि सोसायटी परिसर में बकरा रखने की अनुमति नहीं है, तो बकरी ईद मनाने वाले परिवार अपने बकरे को कहां रखें? प्रशासन को नागरिकों को असमंजस की स्थिति में छोड़ने के बजाय इसका व्यावहारिक समाधान देना चाहिए।
विपक्ष की मांग है कि प्रशासन सोसायटियों के साथ समन्वय कर उचित वैकल्पिक स्थान निर्धारित करे जहां नागरिक बकरी ईद के लिए अपने बकरों को सुरक्षित रख सकें। इन स्थानों पर पानी, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
विपक्षी नेता अनिल सावंत ने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ऐसे नियम बनाए जाने चाहिए, जिससे किसी अन्य नागरिक को भी परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि केवल प्रतिबंध लगाना समाधान नहीं है, बल्कि जहां अनुमति संभव नहीं है, वहां प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बकरी ईद से पहले तत्काल उचित स्थान निर्धारित कर नागरिकों की समस्या का समाधान किया जाए और सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए संवेदनशील एवं व्यावहारिक निर्णय लिया जाए
What's Your Reaction?