मीरा रोड में बॉलीवुड-ड्रग्स कनेक्शन का खुलासा देवा फेम अभिनेता रोहुल्लाह मेहंदी गिरफ्तार

मीरा रोड के काशीमीरा इलाके में 28 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कथित बॉलीवुड कनेक्शन सामने आया है। FIR 437/2026 में ‘देवा’ फेम अभिनेता रोहुल्लाह मेहंदी का नाम आरोपी के तौर पर सामने आया है। पुलिस मामले में कथित ड्रग्स नेटवर्क की जांच कर रही है

Aug 24, 2026 - 21:27
 0  0
मीरा रोड में बॉलीवुड-ड्रग्स कनेक्शन का खुलासा देवा फेम अभिनेता रोहुल्लाह मेहंदी गिरफ्तार

 मीरा रोड के काशीमीरा इलाके में ड्रग्स मामले की जांच के दौरान कथित बॉलीवुड कनेक्शन सामने आने से हड़कंप मच गया है। काशीमीरा पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 28 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

इस मामले में दर्ज FIR क्रमांक 437/2026 में अभिनेता और मॉडल रोहुल्लाह मेहंदी दार उर्फ रोहू का नाम आरोपी के तौर पर सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए MD ड्रग्स की कथित बिक्री की जानकारी मिलने के बाद जाल बिछाया गया था।

पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी ग्राहक के जरिए आरोपियों से संपर्क किया। 28 ग्राम MD की डिलीवरी के लिए कासिफ नामक व्यक्ति को दहिसर चेक नाका इलाके में ठाकुर मॉल के पास बुलाया गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद रोहुल्लाह मेहंदी का नाम सामने आने का दावा किया गया।

इसके बाद काशीमीरा पुलिस ने मालाड में एक स्टूडियो के बाहर शूटिंग के दौरान रोहुल्लाह मेहंदी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मेहंदी मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले का रहने वाला है और वर्तमान में गोरेगांव में रहता है।

रोहुल्लाह मेहंदी ने अभिनेता शाहिद कपूर के साथ देवा फिल्म में काम किया है और कुछ वेब सीरीज में भी नजर आ चुका है। अभिनेता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच कथित तौर पर फिल्म इंडस्ट्री तक ड्रग्स की सप्लाई के नेटवर्क की दिशा में भी आगे बढ़ रही है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कथित तौर पर किन-किन लोगों को ड्रग्स की सप्लाई की, उसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था और क्या फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अन्य लोगों तक भी ड्रग्स पहुंचाया गया था।

फिलहाल मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हैं और आगे की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान इस कथित ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

यह कार्रवाई DCP जोन-1 राहुल चव्हाण के मार्गदर्शन में काशीमीरा पुलिस की टीम द्वारा की गई

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow