गायमुख से फाउंटेन होटल तक 60 मीटर चौड़ी होगी सड़क, ₹150 करोड़ का भूमि अधिग्रहण खर्च उठाएगा MMRDA; प्रताप सरनाईक की पहल को मिली मंजूरी

गायमुख से फाउंटेन होटल तक जाने वाले मार्ग की तस्वीर अब बदलने वाली है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की पहल पर सड़क को 30 मीटर से बढ़ाकर 60 मीटर चौड़ा करने का फैसला लिया गया है। करीब 150 करोड़ रुपये का भूमि अधिग्रहण खर्च MMRDA उठाएगा। मेट्रो-10 परियोजना के साथ ही सड़क का कंक्रीटीकरण भी किया जाएगा। MMRDA आयुक्त संजय मुखर्जी ने अगले सप्ताह से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

Nov 26, 2026 - 22:09
 0  0
गायमुख से फाउंटेन होटल तक 60 मीटर चौड़ी होगी सड़क, ₹150 करोड़ का भूमि अधिग्रहण खर्च उठाएगा MMRDA; प्रताप सरनाईक की पहल को मिली मंजूरी

 गायमुख से फाउंटेन होटल तक जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात जाम, गड्ढों और लगातार हो रही दुर्घटनाओं की समस्या से अब नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस मार्ग को मौजूदा 30 मीटर से बढ़ाकर 60 मीटर चौड़ा किया जाएगा। साथ ही सड़क का कंक्रीटीकरण भी प्रस्तावित मेट्रो-10 परियोजना के साथ किया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण पर आने वाला करीब 150 करोड़ रुपये का पूरा खर्च मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) उठाएगा।

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस मुद्दे को लेकर MMRDA कार्यालय में विशेष बैठक की। बैठक में उन्होंने भविष्य में बढ़ने वाले यातायात और इस मार्ग के बढ़ते महत्व को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण और कंक्रीटीकरण का प्रस्ताव रखा। MMRDA आयुक्त संजय मुखर्जी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए मेट्रो-10 परियोजना के साथ सड़क का काम करने पर सहमति जताई।

बैठक में भूमि अधिग्रहण के खर्च का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने करीब 150 करोड़ रुपये का पूरा खर्च MMRDA द्वारा उठाने की मांग की। इस मांग को स्वीकार करते हुए MMRDA ने भूमि अधिग्रहण का पूरा खर्च उठाने का निर्णय लिया है। संबंधित अधिकारियों को अगले सप्ताह से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गौरतलब है कि पिछले मानसून में फाउंटेन रोड पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। सड़क की मरम्मत और जिम्मेदारी को लेकर मनपा और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के बीच भी मुद्दा चर्चा में रहा था।

प्रताप सरनाईक ने पहले भी इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए गड्ढों की मरम्मत के निर्देश दिए थे। हालांकि, उनका जोर केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क के स्थायी कंक्रीटीकरण और चौड़ीकरण पर रहा।

सरनाईक के मुताबिक, विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को अस्थायी राहत देना नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का स्थायी समाधान करना है।

मेट्रो-10 के साथ सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा होने पर मीरा-भाईंदर, घोड़बंदर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को यातायात जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow