मिरा-भाईंदर: फाउंटेन से गायमुख तक घोड़बंदर रोड की मरम्मत तेज़ करने के निर्देश, मंत्री प्रताप सरनाईक ने अधिकारियों को लगाई फटकार
मिरा-भाईंदर के फाउंटेन से गायमुख तक घोड़बंदर रोड की खराब स्थिति को लेकर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने अधिकारियों को मरम्मत कार्य तेज़ी से और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए
मिरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र के फाउंटेन से गायमुख तक लगभग 4.40 किलोमीटर लंबे घोड़बंदर रोड की जर्जर स्थिति, लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने सड़क मरम्मत कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इस मुद्दे पर 28 जुलाई 2026 को मंत्रालय में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क मरम्मत कार्य की प्रगति, लंबित कार्यों, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और तय समयसीमा पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री सरनाईक ने कहा कि घोड़बंदर रोड मिरा-भाईंदर के साथ-साथ मुंबई और ठाणे के बीच आवागमन करने वाले हजारों वाहन चालकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क पर बने गड्ढों, क्षतिग्रस्त सतह और इससे उत्पन्न होने वाले ट्रैफिक जाम के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सड़क मरम्मत को गुणवत्तापूर्ण और तय समय के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण कोई भी कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में मिरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद शर्मा नगर विकास विभाग के उप सचिव, शहर अभियंता, सहायक निदेशक (नगररचना) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को सुरक्षित, गड्ढामुक्त और सुगम सड़क उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि घोड़बंदर रोड की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्णय तत्काल लागू किए जाएंगे, ताकि लोगों को ट्रैफिक जाम और खराब सड़क से जल्द राहत मिल सके
What's Your Reaction?