मीरा-भाईंदर में रोजगार महाकुंभ का आयोजन, युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार महाकुंभ का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों और आवश्यक कौशल की जानकारी दी गई। इस दौरान माध्यमिक विभाग के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की ओर से रोजगार इच्छुक युवक-युवतियों के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार महाकुंभ–महाराष्ट्र रोजगार मेले का आयोजन मंगलवार को रामदेव पार्क, मीरा रोड पूर्व स्थित धम्मसम्राट अशोक बुद्धविहार एवं विपश्यना केंद्र में किया गया।
रोजगार मेले का उद्घाटन मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद अ. शर्मा (भा.प्र.से.) के हाथों किया गया। इस रोजगार महाकुंभ का उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उद्योगों, प्रतिष्ठानों और नियोक्ताओं को आवश्यक कुशल मनुष्यबल उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर महानगरपालिका के माध्यमिक विभाग के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इसमें भाषा विषय, गणित-विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और खेल विषयों के शिक्षकों का समावेश रहा। आयुक्त राधाबिनोद शर्मा के हाथों संबंधित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे, उपायुक्त (मुख्यालय) डॉ. सचिन बांगर, उपायुक्त स्वप्नील सावंत, जनसंपर्क अधिकारी राज घरत, सहायक आयुक्त स्थापना विभाग सुनील यादव, शिक्षा विभाग अधिकारी सुलभा वटारे सहित महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने रोजगार इच्छुक युवक-युवतियों और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने रोजगार महाकुंभ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक कौशल और रोजगार से जुड़े विकल्पों की जानकारी लेने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से अपनी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का सक्रिय रूप से लाभ उठाने की अपील की
What's Your Reaction?