मीरा-भाईंदर के पानी पर प्रताप सरनाईक का नरेंद्र मेहता को जवाब, बोले- 3 महीने में मिलेगा 218 MLD पानी
मीरा-भाईंदर के पानी को लेकर विधायक नरेंद्र मेहता और महापौर डिंपल मेहता के आरोपों पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पलटवार किया है। सरनाईक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सूर्या परियोजना के तहत मीरा-भाईंदर के लिए 218 MLD पानी आरक्षित है और अगले तीन महीनों में आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर शहर को उसके हक का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने चेना गांव के पास पानी की टंकी का रुका हुआ काम जल्द पूरा करने की भी मांग की है।
शहर के पानी को लेकर बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता और महापौर डिंपल मेहता द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अब परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पलटवार किया है। सरनाईक ने दोनों के आरोपों को निराधार और भ्रामक बताते हुए दावा किया है कि अगले तीन महीनों में मीरा-भाईंदर को सूर्या परियोजना के तहत उसके हिस्से का 218 MLD पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री सरनाईक की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि सूर्या परियोजना के तहत मीरा-भाईंदर को पूरी क्षमता से पानी नहीं मिलने की प्रमुख वजह चेना गांव के पास पानी की टंकी का काम लंबित होना है। उनके आरोप के मुताबिक, इस टंकी के निर्माण कार्य में पहले बाधाएं उत्पन्न की गई थीं। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में MMRDA की ओर से संबंधित 711 कंपनी को पत्र भी जारी किया गया था।
सरनाईक ने यह भी कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यकाल में पाइपलाइन के काम के लिए 150 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड मंजूर कराया गया था।
प्रेस नोट के मुताबिक, सूर्या परियोजना से कुल 503 MLD पानी उपलब्ध होना प्रस्तावित है। इसमें मीरा-भाईंदर के लिए 218 MLD, वसई-विरार के लिए 175 MLD, ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र के घोड़बंदर गांव के लिए 70 MLD और अन्य निर्धारित क्षेत्र के लिए 30 MLD पानी आरक्षित है।
नरेंद्र मेहता के ठाणे को पानी भेजने के आरोपों पर सरनाईक ने कहा कि पानी का आरक्षण वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यकाल में तय किया गया था और इसे मनमाने तरीके से बदला नहीं जा सकता।
सरनाईक ने कहा कि मीरा-भाईंदर के नागरिकों को उनका हक का पानी दिलाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने मेहता से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर चेना की पानी टंकी का काम पूरा कराने में सहयोग करने की अपील की।
अब पानी के मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच बड़ा सवाल यही है कि मीरा-भाईंदर को 218 MLD पानी वास्तव में कब तक मिल पाएगा?
What's Your Reaction?