मीरा-भाईंदर में ‘स्वयं पुनर्विकास’ को बढ़ावा, प्रवीण दरेकर बोले- शहर के विकास में बनेगा दिशादर्शक
मीरा-भाईंदर में स्वयं पुनर्विकास को बढ़ावा देने के लिए विधायक नरेंद्र मेहता की पहल पर मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। प्रवीण दरेकर ने शुरुआत में पांच इमारतों का प्रायोगिक आधार पर स्वयं पुनर्विकास करने का प्रस्ताव रखा।
मीरा-भाईंदर: शहर में स्वयं पुनर्विकास को बढ़ावा देने के लिए विधायक नरेंद्र मेहता की पहल पर आयोजित मार्गदर्शन शिविर में महाराष्ट्र गृहनिर्माण स्वयं/समूह पुनर्विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं भाजपा विधायक प्रवीण दरेकर ने कहा कि स्वयं पुनर्विकास मीरा-भाईंदर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
दरेकर ने कहा कि आम आदमी की जिंदगी की सबसे बड़ी कमाई उसका घर होता है। ऐसे में पुनर्विकास की प्रक्रिया वर्षों तक अटकने के बजाय यदि हाउसिंग सोसायटियां स्वयं अपनी इमारत का पुनर्विकास करें, तो निर्णय लेने का अधिकार भी सोसायटी के पास रहेगा।
उन्होंने बताया कि स्वयं पुनर्विकास में सोसायटी को आर्किटेक्ट, इमारत का डिजाइन और कॉन्ट्रैक्टर जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने का अधिकार रहता है। उनके अनुसार, मुंबई में स्वयं पुनर्विकास के कई प्रकल्प आगे बढ़े हैं और इसी मॉडल को मीरा-भाईंदर में भी लागू करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
दरेकर ने मीरा-भाईंदर में शुरुआत में पांच इमारतों का प्रायोगिक आधार पर स्वयं पुनर्विकास करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन पांच इमारतों का काम शुरू होने के बाद अन्य हाउसिंग सोसायटियों में भी इस प्रक्रिया को लेकर विश्वास बढ़ सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वयं पुनर्विकास के लिए वित्तीय सहायता और सरकारी स्तर पर जरूरी मंजूरियों को लेकर भी काम किया जा रहा है। दरेकर के मुताबिक, स्वयं पुनर्विकास से जुड़ी विभिन्न रियायतों और वित्तीय सहायता को बढ़ाने के लिए सरकार के समक्ष सुझाव रखे गए हैं।
शिविर में सोसायटी पदाधिकारियों को स्वयं पुनर्विकास की प्रक्रिया, सरकारी अनुमति, आर्थिक नियोजन, बैंक से मिलने वाली वित्तीय सहायता और कानूनी पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित प्रतिनिधियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया।
इस अवसर पर शिविर के आयोजक विधायक नरेंद्र मेहता, महापौर डिंपल मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील, जिला अध्यक्ष दिलीप जैन, मनपा नगररचना विभाग के अधिकारी, तहसील प्रशासन, बैंक एवं स्वयं पुनर्विकास प्राधिकरण के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में हाउसिंग सोसायटियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दरेकर ने मीरा-भाईंदर की हाउसिंग सोसायटियों से स्वयं पुनर्विकास की दिशा में आगे आने और आवश्यक प्रस्ताव प्राधिकरण के समक्ष रखने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?