मीरा-भायंदर: सात महीनों में 1,069 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
मीरा-भायंदर में काशीमीरा ट्रैफिक पुलिस ने 1 जनवरी से 28 जुलाई 2026 के बीच 1,069 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए। इस अवधि में विभिन्न यातायात उल्लंघनों के 1,291 मामले अदालत में पहुंचे, जिनमें 21.72 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया
मीरा-भायंदर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ काशीमीरा ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 1 जनवरी 2026 से 28 जुलाई 2026 के बीच कुल 1,069 ड्राइविंग लाइसेंस ब्लॉक और निलंबित किए गए हैं। इसकी जानकारी काशीमीरा ट्रैफिक शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रफुल वाघ ने दी।
इस अवधि में विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े 1,291 मामले अदालत में पेश किए गए, जिनमें अदालत ने कुल 21 लाख 72 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस के अनुसार, यह जुर्माना संबंधित वाहन चालकों से वसूल भी कर लिया गया है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रतिदिन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इनमें ड्रंक एंड ड्राइव (नशे में वाहन चलाने) के 240 मामले अदालत में भेजे गए, जिनमें से 168 मामलों में दोष सिद्ध होने पर अदालत ने 16 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
इसके अलावा रॉन्ग साइड वाहन चलाने के 1,319 मामलों में से 900 मामलों में सजा सुनाई गई और 4 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नो पार्किंग नियम के उल्लंघन के 91 मामलों में से 60 मामलों में अदालत ने 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं रैश ड्राइविंग के 35 मामलों में से 25 मामलों में दोष सिद्ध होने पर 12,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
काशीमीरा ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि नियमों के उल्लंघन पर न केवल आर्थिक दंड बल्कि ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है
What's Your Reaction?