मीरा-भाईंदर कांग्रेस की नई जिला कमेटी घोषित, 43 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
मीरा-भाईंदर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा जिलाध्यक्ष राकेश राजपुरोहित के नेतृत्व में की गई। नई कमेटी में 43 पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। साथ ही विभिन्न समुदायों को संगठन से जोड़ने के लिए सिख, राजस्थानी, ओडिशा, उत्तर भारतीय और डॉक्टर सेल का गठन किया गया
मीरा-भाईंदर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राकेश राजपुरोहित के नेतृत्व में नई जिला कांग्रेस कमेटी की घोषणा की गई है। नई कमेटी में कुल 43 पदाधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला कमेटी के साथ-साथ विभिन्न समुदायों और वर्गों को कांग्रेस संगठन से जोड़ने के लिए कई नए सेल और प्रकोष्ठ भी गठित किए गए हैं। इनमें सिख समाज सेल, राजस्थानी सेल, ओडिशा सेल, उत्तर भारतीय सेल और डॉक्टर सेल शामिल हैं।
इस अवसर पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक मुजफ्फर हुसैन ने कहा कि देश में बढ़ रही विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ खुलकर लड़ने और समाज को एकजुट रखने की जरूरत है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत के साथ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
मुजफ्फर हुसैन ने कांग्रेस पदाधिकारियों से शहर के विकास, जनहित के मुद्दों और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाने तथा जनता के बीच सक्रिय रूप से काम करने की अपील की।
जिलाध्यक्ष राकेश राजपुरोहित ने कहा कि नई जिला कमेटी का उद्देश्य संगठन को केवल पदों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाना है।
इस अवसर पर विपक्ष की नेता अफरीन सैयद, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद सामंत सहित कई कांग्रेस नगरसेवक, वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नई जिला कमेटी की घोषणा को मीरा-भाईंदर में कांग्रेस संगठन को मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है
What's Your Reaction?