ABC सेंटर जांच में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा, ट्रस्ट और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग; रविंद्र खरात का बड़ा आरोप
मीरा-भाईंदर के ABC सेंटर की जांच में रिकॉर्ड में गड़बड़ी, दवा भंडार में विसंगति और पशुओं के लिए अनिवार्य सुविधाओं की कमी सामने आई है। युवक कांग्रेस के रविंद्र खरात ने संबंधित ट्रस्ट और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के पशु जन्म नियंत्रण (ABC) केंद्र की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद युवक कांग्रेस के नेता रविंद्र बाबासाहेब खरात ने संबंधित ट्रस्ट और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
खरात की शिकायत के आधार पर गठित राज्य स्तरीय विशेषज्ञ समिति ने 22 जुलाई 2025 को केंद्र का निरीक्षण किया था। समिति की जांच रिपोर्ट में रिकॉर्ड में गड़बड़ी, दवा भंडार के रखरखाव में लापरवाही, ऑपरेशन रजिस्टर में विसंगतियां और पशुओं के लिए अनिवार्य आइसोलेशन (क्वारंटीन) वार्ड की अनुपस्थिति जैसी गंभीर कमियां उजागर हुई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, दवाओं के स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक दवा भंडार में अंतर पाया गया। वहीं, डॉग कैच एवं रिलीज रजिस्टर और ऑपरेशन रजिस्टर में भी कई विसंगतियां मिलीं, जिससे यह सत्यापित करना मुश्किल हो गया कि कितने पशुओं की नसबंदी की गई और उन्हें कब छोड़ा गया।
समिति ने अपनी रिपोर्ट में केंद्र की सभी कमियां दूर होने तक ABC केंद्र का काम अस्थायी रूप से निलंबित करने की सिफारिश की है। साथ ही सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, दवा भंडार का पारदर्शी रिकॉर्ड तैयार करने, निरीक्षण व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
युवक कांग्रेस के रविंद्र खरात ने कहा कि उनकी शिकायत के कई बिंदु जांच में सही पाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मूक पशुओं के स्वास्थ्य से जुड़ी सेवा में इस तरह की गंभीर लापरवाही अस्वीकार्य है। उन्होंने मे. प्रतापराव राणे सामाजिक शैक्षणिक ट्रस्ट, संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारियों और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ तत्काल विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
खरात ने यह भी मांग की कि मीरा-भाईंदर महानगरपालिका इस जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करे, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए प्रभावी निगरानी प्रणाली लागू करे
What's Your Reaction?