12 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, मीरा-भायंदर क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता

मीरा-भायंदर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने हत्या के प्रयास के 12 साल पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी शाहरुख नियाज अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लूट, दुष्कर्म, धोखाधड़ी और गबन सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं

Jul 31, 2026 - 21:59
 0  0
12 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, मीरा-भायंदर क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता

मीरा-भायंदर पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) यूनिट-1 ने 12 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान शाहरुख नियाज अहमद के रूप में हुई है, जो वर्ष 2014 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार था।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2014 में मीरा रोड पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 363, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि शाहरुख नियाज अहमद ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पैसों के लेन-देन को लेकर शिकायतकर्ता के कार्यालय में विवाद किया था। इसके बाद शिकायतकर्ता की गर्दन, पीठ, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से गंभीर हमला कर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

इस मामले में सह-आरोपी *सलमान हाशमी* को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि शाहरुख नियाज अहमद पिछले 12 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-1, काशीमीरा की टीम ने गुप्त सूचना और मोबाइल तकनीकी विश्लेषण के आधार पर शुक्रवार को मीरा रोड क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ मीरा-भायंदर और वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के विभिन्न पुलिस थानों में जबरन लूट, दुष्कर्म, धोखाधड़ी और गबन जैसे गंभीर अपराधों सहित कुल छह मामले दर्ज हैं।

फिलहाल आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मीरा रोड पुलिस थाने को सौंप दिया गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow