सड़कें गड्ढामुक्त कराने MNS का ‘भीख मांगो आंदोलन’, पालिका के खिलाफ अनोखा विरोध
मीरा भाईंदर की खस्ताहाल सड़कों और गड्ढों के खिलाफ मनसे ने रामदेव पार्क में ‘भीख मांगो आंदोलन’ किया। कार्यकर्ताओं ने कटोरे लेकर सड़क मरम्मत के लिए भीख मांगी और महानगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मनसे ने जमा रकम आयुक्त और महापौर को सौंपने की बात कही है
शहर की खस्ताहाल सड़कों और गड्ढों के खिलाफ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने गुरुवार शाम रामदेव पार्क परिसर में अनोखा भीख मांगो आंदोलन किया। मनसे कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे लेकर सड़क मरम्मत के लिए भीख मांगी और महानगरपालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
मनसे की रेश्मा तपासे और कार्यकर्ताओं ने रामदेव पार्क सब्जी मार्केट परिसर में पहुंचकर फेरीवालों, सब्जी विक्रेताओं और दुकानदारों से सड़क मरम्मत के लिए आर्थिक मदद मांगी। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महानगरपालिका के पास सड़कों की मरम्मत के लिए पैसे नहीं हैं, इसलिए जनता से भीख मांगकर पैसा जमा किया जा रहा है।
रेश्मा तपासे ने भाजपा विधायक और महापौर के साथ-साथ परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद और पालकमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर की जनता की समस्याएं दिखाई नहीं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जगाने और सड़क की समस्या का समाधान कराने के लिए यह आंदोलन किया गया है।
मनसे के मुताबिक, आंदोलन के दौरान जमा होने वाली रकम महानगरपालिका आयुक्त और महापौर को सौंपकर सड़क मरम्मत की मांग की जाएगी
What's Your Reaction?