मीरा-भाईंदर में वांछित आरोपी अख्तर मर्चेंट गिरफ्तार, दिल्ली एयरपोर्ट से काशीमीरा पुलिस ने दबोचा
मीरा-भाईंदर के काशीमीरा पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के वांछित आरोपी अख्तर कासमअली मर्चेंट को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर फिरौती के लिए फायरिंग की साजिश में शामिल होने का आरोप है और मामले में MCOCA के तहत कार्रवाई की गई है
मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के काशीमीरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में वांछित आरोपी अख्तर कासमअली मर्चेंट को पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट परिसर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, काशीमीरा, मीरा रोड पूर्व स्थित इंटरनेशनल बेकरी कंपनी में काम करने वाले शिकायतकर्ता को निशाना बनाकर फायरिंग का प्रयास किया गया था। आरोपी अकबर अली शेख कथित तौर पर हाथ में पिस्तौल लेकर दुकान में पहुंचा और शिकायतकर्ता को जान से मारने के इरादे से दो से तीन बार फायरिंग करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद वह दुकान के बाहर मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहे अपने साथी इमरान शेख के साथ मौके से फरार हो गया।
जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने से पहले मुन्ना पठाण, अकबर अली शेख और इमरान शेख कई दिनों से रेकी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी निसार शेख उर्फ पप्पू पेजर के कहने पर इब्राहीम पटेल से कथित तौर पर फिरौती वसूलने के लिए अख्तर मर्चेंट समेत अन्य आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, अख्तर मर्चेंट ने व्हॉट्सऐप के जरिए इब्राहीम पटेल को फोन कर फिरौती की मांग भी की थी। मामले में निसार शेख उर्फ पप्पू पेजर को मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मोक्का (MCOCA) के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी अख्तर मर्चेंट को पुलिस कस्टडी की मांग के लिए बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच काशीमीरा पुलिस द्वारा की जा रही है
What's Your Reaction?