काशिगांव पुलिस की सतर्कता से बची एक परिवार के चार सदस्यों की जान
काशिगांव पुलिस की सतर्कता और तत्परता से फाउंटेन ब्रिज परिसर में संकट में फंसे एक परिवार के चार सदस्यों को सुरक्षित बचाया गया। पुलिस ने परिवार की काउंसलिंग कर रिश्तेदारों की मदद से समस्या के समाधान का प्रयास किया
काशिगांव पुलिस की सतर्कता, तत्परता और संवेदनशीलता के चलते एक परिवार के चार सदस्यों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
मंगलवार रात करीब 1:58 बजे एक परिवार के पति-पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियों के फाउंटेन ब्रिज परिसर में संकट में होने की जानकारी मीरा-भाईंदर पुलिस आयुक्त को मिली। सूचना मिलते ही नियंत्रण कक्ष के माध्यम से काशिगांव पुलिस थाने की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया।
वर्सोवा बीट मार्शल क्रमांक 04 के पुलिसकर्मी संतोष धुला कोकरे और विकास श्रीरंग मोहिते ने तत्परता दिखाते हुए फाउंटेन ब्रिज परिसर में गश्त कर परिवार की तलाश शुरू की। करीब 2:18 बजे पुलिस टीम ने परिवार को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आर्थिक परेशानियों के चलते परिवार में तनाव की स्थिति बनी थी। पुलिस ने परिवार को थाने लाकर समझाइश दी और उनके रिश्तेदारों से संपर्क कर पारिवारिक समस्या के समाधान के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
काशिगांव पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई और संवेदनशील हस्तक्षेप के चलते परिवार के चारों सदस्यों को सुरक्षित किया जा सका। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी रहती है
What's Your Reaction?