गणेश विसर्जन को लेकर मीरा-भाईंदर में विशेष यातायात व्यवस्था, कई मार्गों पर वन-वे और प्रवेशबंदी
गणेश विसर्जन के मद्देनजर मीरा-भाईंदर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। कई मार्गों पर एकतरफा यातायात और प्रवेशबंदी रहेगी, जबकि आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट दी गई है
गणेशोत्सव के दौरान गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मीरा-भाईंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की ओर से विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। यातायात व्यवस्था के तहत शहर के कुछ मार्गों पर एकतरफा यातायात और प्रवेशबंदी लागू रहेगी।
यह यातायात व्यवस्था डेढ़ दिन, 3 दिन, 5 दिन, 6 दिन यानी गौरी विसर्जन, 7 दिन और अनंत चतुर्दशी के विसर्जन के दौरान लागू रहेगी। संबंधित दिनों में दोपहर 3 बजे से विसर्जन जुलूस समाप्त होने तक यातायात में बदलाव किया जाएगा।
जैसल पार्क चौपाटी: भाईंदर पूर्व गोल्डन नेस्ट से नवघर फाटक, घोड़देव नाका और बी.पी. रोड होते हुए बड़े वाहनों को जैसल पार्क चौपाटी की ओर भेजा जाएगा। छोटे वाहनों के लिए केबिन रोड और भाईंदर पूर्व स्टेशन मार्ग का उपयोग किया जाएगा।
विसर्जन के बाद वापसी के लिए जैसल पार्क चौपाटी से कोलीवाड़ा, आर.एन.पी. पार्क, काशीविश्वनाथ मंदिर, एस.वी. रोड, नवघर रोड, इंद्रलोक और गोल्डन नेस्ट मार्ग निर्धारित किया गया है।
भाईंदर पश्चिम खाड़ी (जेटी): नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान, भाईंदर पुलिस स्टेशन, स्टेशन रोड और भाईंदर पश्चिम रेलवे स्टेशन होते हुए खाड़ी जेटी तक यातायात व्यवस्था रहेगी।
घोड़बंदर/रेतीबंदर: छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से जे.पी. बैंक रोड, चिंचबादेवी और घोड़बंदर रोड होते हुए रेतीबंदर विसर्जन स्थल तक जाने की व्यवस्था की गई है। वापसी के लिए रेतीबंदर से घोड़बंदर पुलिस चौकी, महादेव मंदिर, कपाड़िया कंपाउंड और जे.पी. लॉन/वर्सोवा दिशा में यातायात को मोड़ा जाएगा।
जरीमारी तालाब: काशिमीरा/नीलकमल नाका तथा डाचकुलपाड़ा/आनंद दिघे चौक मार्ग से जरीमारी तालाब की ओर विसर्जन के लिए यातायात व्यवस्था की गई है।
गणेश प्रतिमा ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर भाईंदर पूर्व के गोल्डन नेस्ट तथा भाईंदर पश्चिम के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान परिसर से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों और यात्री रिक्शा पर आवश्यकता के अनुसार प्रवेशबंदी लागू रहेगी।
हालांकि पुलिस वाहन, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, ग्रीन कॉरिडोर, ऑक्सीजन गैस वाहन और अन्य अत्यावश्यक सेवा वाले वाहनों पर यह यातायात अधिसूचना लागू नहीं होगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें
What's Your Reaction?