मीरा-भाईंदर ट्रैफिक विभाग की लापरवाही उजागर
मीरा-भाईंदर ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर में बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था, नियमों के कमजोर पालन और नागरिकों की परेशानियों के बीच विभाग की लापरवाही उजागर होने का दावा किया जा रहा है।
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र के दहिसर चेक नाका इलाके में ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक बाइक सवार पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया। लेकिन जुर्माना भरने के बाद उसे आधिकारिक रसीद देने के बजाय बेस्ट बस की टिकट थमा दी गई।
इस पूरे मामले का खुलासा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के मीरा-भाईंदर शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाने के बजाय लापरवाहीपूर्ण रवैया अपना रही है, जो बेहद गंभीर विषय है।
संदीप राणे ने कहा कि इस मामले की जल्द से जल्द जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर वे पुलिस आयुक्त और ट्रैफिक विभाग के पुलिस निरीक्षक प्रफुल वाघ को पत्र सौंपने वाले हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो मनसे आगे आंदोलनात्मक भूमिका अपनाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और नागरिकों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
What's Your Reaction?