दहीहंडी और गणेशोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए मनपा-पुलिस की समन्वय बैठक
दहीहंडी और सार्वजनिक गणेशोत्सव 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए मीरा-भाईंदर मनपा और पुलिस प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई
आगामी दहीहंडी उत्सव और सार्वजनिक गणेशोत्सव 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार शाम मीरा-भाईंदर महानगरपालिका और मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की संयुक्त आढावा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महापौर डिंपल विनोद मेहता, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद अ. शर्मा, मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण तथा अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
आगामी त्योहारों को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, स्वच्छता, आपातकालीन सेवाओं और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाओं की पहले से ही सुनियोजित तरीके से तैयारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नागरिकों से भी अपील की गई कि वे त्योहारों का उत्साह बनाए रखते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करें। साथ ही सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाएं।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि दहीहंडी और सार्वजनिक गणेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाते समय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और मनपा एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त समन्वय से आवश्यक सभी उपाय किए जाएंगे
What's Your Reaction?