दिल्ली दरबार फ्लायओवर का संयुक्त निरीक्षण, 15 से 20 दिन में पूरा होगा निर्माण कार्य

मीरा-भाईंदर के दिल्ली दरबार होटल के पास बन रहे फ्लायओवर का MMRDA और काशीमीरा ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार फ्लायओवर का निर्माण कार्य पूरा होने में अभी 15 से 20 दिन का समय लगेगा।

Jun 17, 2026 - 13:07
 0  0
दिल्ली दरबार फ्लायओवर का संयुक्त निरीक्षण, 15 से 20 दिन में पूरा होगा निर्माण कार्य

 राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली दरबार होटल के समीप निर्माणाधीन फ्लायओवर का शनिवार सुबह एमएमआरडीए और काशीमीरा ट्रैफिक शाखा द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक प्रफुल वाघ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान फ्लायओवर के निर्माण कार्य की प्रगति और शेष कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक प्रफुल वाघ ने बताया कि फ्लायओवर का निर्माण कार्य पूरा होने में अभी लगभग 15 से 20 दिन का समय लगेगा। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों को भी मौके पर बुलाया गया और परियोजना में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली गई। हालांकि ठेकेदारों ने किसी विशेष तकनीकी या प्रशासनिक बाधा से इनकार किया।

गौरतलब है कि दहिसर से गुजरात जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधूरे पड़े कार्यों और फ्लायओवर की स्थिति को लेकर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने हाल ही में नाराजगी जताई थी। आगामी मानसून के दौरान नागरिकों को ट्रैफिक जाम और जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए मंत्री ने दिल्ली दरबार फ्लायओवर का निरीक्षण कर अधिकारियों को 10 जून तक निर्माण कार्य पूरा करने की समयसीमा दी थी।

निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि दहिसर चेक नाका से फाउंटेन होटल की दिशा में जाने वाले मार्ग का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि फाउंटेन होटल से चेक नाका की ओर जाने वाली लेन का कार्य अभी अधूरा है।

अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शेष कार्य जल्द से जल्द पूरा कर फ्लायओवर को आम नागरिकों के लिए शुरू किया जाएगा। इसके अलावा काशीमीरा फ्लायओवर पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू करने, पुल के किनारे जमा मिट्टी हटाने तथा आवश्यक क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow