मीरा-भाईंदर: नवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरफ्तार; 7 चोरी के मामलों का खुलासा
मीरा-भाईंदर के नवघर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं और पूछताछ में सात चोरी के मामलों का खुलासा होने का दावा किया गया है
मीरा-भाईंदर के नवघर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अलाउद्दीन शोएब अंसारी निवासी गोरेगांव पूर्व के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, नवघर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उन्होंने लगभग 10 हजार रुपये मूल्य की सफेद रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी भाईंदर पूर्व में एक सार्वजनिक स्थान पर खड़ी की थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का तकनीकी और गहन विश्लेषण किया। जांच में आरोपी अलाउद्दीन शोएब अंसारी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गोरेगांव क्षेत्र से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत (रिमांड) प्राप्त की गई। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि आरोपी से पूछताछ में कुल सात वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है, जिनकी आगे जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे, पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण और सहायक पुलिस आयुक्त सोहेल शेख के मार्गदर्शन में नवघर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद यादव तथा अपराध शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से की
What's Your Reaction?