मीरा-भाईंदर की मनपा स्कूल में शिक्षा सभापति का औचक निरीक्षण, शिक्षकों की अनुपस्थिति पर जताई चिंता
मीरा-भाईंदर की मनपा स्कूल में शिक्षा सभापति स्नेहा पांडे ने औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता और विद्यार्थियों की सुविधाओं का जायजा लिया। शिक्षकों की अनुपस्थिति पर चिंता जताते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की गोडबंदर स्थित स्कूल क्रमांक-9 में शिक्षा सभापति स्नेहा पांडे ने मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता, विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षाओं में शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। स्कूल की मुख्याध्यापिका ने बताया कि संबंधित शिक्षक स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्य के लिए बाहर गए थे। इस पर शिक्षा सभापति स्नेहा पांडे ने कहा कि SIR महत्वपूर्ण कार्य है, लेकिन शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या का जल्द ही उचित समाधान निकाला जाएगा।
निरीक्षण के दौरान स्कूल की साफ-सफाई, विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और शैक्षणिक वातावरण का भी मूल्यांकन किया गया। स्नेहा पांडे ने कहा कि महानगरपालिका स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मीरा-भाईंदर की मराठी माध्यम की महानगरपालिका स्कूलों में केवल मराठी भाषी ही नहीं, बल्कि अन्य भाषाओं के विद्यार्थी भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जो गर्व की बात है। शहर में महानगरपालिका की कुल 36 स्कूलें संचालित हैं और इनमें विद्यार्थियों की अच्छी उपस्थिति है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश महानगरपालिका स्कूलों में कराने की अपील भी की
What's Your Reaction?