मीरा-भाईंदर में अतिक्रमण पर मनपा की कार्रवाई, फुटपाथों को कराया जा रहा कब्जामुक्त
मीरा-भाईंदर में अतिक्रमण के खिलाफ मनपा का एक्शन तेज। प्रभाग क्रमांक 4 के जे.पी. परिसर, विमल डेयरी, रामदेव पार्क, इंद्रलोक और सिल्वर पार्क में कार्रवाई की गई। फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाने के साथ फ्लाईओवर के नीचे दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए लोहे की जाली लगाने की मांग की जाएगी।
शहर में अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने कार्रवाई तेज कर दी है। महापौर डिंपल विनोद मेहता के निर्देशानुसार शहर में ‘जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ लागू करने के तहत विभिन्न प्रभागों में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रभाग क्रमांक 4 में सहायक आयुक्त योगेश गुनिजन के मार्गदर्शन में अतिक्रमण विभाग ने पिछले सप्ताह जे.पी. परिसर, विमल डेयरी, रामदेव पार्क और इंद्रलोक समेत कई इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण, अनधिकृत निर्माण और अवैध रूप से बैठे फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा सिल्वर पार्क स्थित मेट्रो के समानांतर बने फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले बेघर लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए मनपा संबंधित विभाग को पत्र देकर फ्लाईओवर के नीचे की जगह को जल्द से जल्द लोहे की जाली लगाकर बंद करने की मांग करेगी।
सहायक आयुक्त योगेश गुनिजन ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद संबंधित स्थानों पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए भी आवश्यक सावधानी बरती जाएगी।
मनपा की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करना और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों पर रोक लगाना है।
What's Your Reaction?