मीरा-भाईंदर में मनमाना किराया वसूलने वाले रिक्शा चालकों पर कार्रवाई, 25 से अधिक ऑटो पर RTO और ट्रैफिक पुलिस का एक्शन
मीरा-भाईंदर के भाईंदर पश्चिम में RTO और काशिमीरा ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक पैसे वसूलने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की। मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुई इस कार्रवाई में 25 से अधिक रिक्शा पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मीरा-भाईंदर : शहर में यात्रियों से सरकार द्वारा निर्धारित किराए से अधिक पैसे वसूलने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार शाम करीब 7 बजे भाईंदर पश्चिम इलाके में उपप्रादेशिक परिवहन कार्यालय (RTO) और काशिमीरा ट्रैफिक पुलिस शाखा की ओर से संयुक्त कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने और यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली करने वाले 25 से अधिक ऑटो रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जानकारी पुलिस की ओर से दी गई है।
दरअसल, मीरा-भाईंदर शहर के कई इलाकों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही थीं कि कुछ ऑटो रिक्शा चालक यात्रियों से शासन द्वारा तय किए गए किराए से ज्यादा पैसे मांग रहे हैं। इससे रोजाना ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपप्रादेशिक परिवहन विभाग और काशिमीरा ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों से अवैध रूप से अधिक किराया वसूलने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद शहर में रिक्शा चालकों की मनमानी पर कितनी लगाम लगती है और यात्रियों को निर्धारित किराए पर सफर करने में कितनी राहत मिलती है।
What's Your Reaction?