शीतल नगर में निर्माणाधीन इमारत में करंट लगने से 24 वर्षीय मजदूर की मौत, परिवार को 15 लाख की आर्थिक मदद
मीरा-भाईंदर के शीतल नगर में निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान 24 वर्षीय मजदूर वेंकटेश रामप्पा मुसलम की करंट लगने से मौत हो गई। वेंकटेश परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। हादसे के बाद मजदूरों ने न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की। परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने की जानकारी सामने आई है
शीतल नगर परिसर में श्री शीतल डेवलपर्स की निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान 24 वर्षीय मजदूर वेंकटेश रामप्पा मुसलम की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे इमारत से जुड़े बांसों पर सलाई लगाई गई थी। सामान की चढ़ाई-उतराई के दौरान सलाई में विद्युत प्रवाह आ जाने से वेंकटेश को जोरदार करंट लगा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वेंकटेश दहिसर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में उसकी मां और दो बहनें हैं, जबकि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूर भाईंदर पश्चिम स्थित टेंबा अस्पताल पहुंचे। मजदूरों ने वेंकटेश के परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता देने की मांग की।
वहीं, परिवार की मदद के लिए 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं
What's Your Reaction?