मीरा-भाईंदर की सड़कों पर गड्ढे और जलभराव से बढ़ी परेशानी, ट्रैफिक पुलिस ने मनपा को जारी किया नोटिस
मीरा-भाईंदर में बारिश के कारण सड़कों पर गड्ढों और जलभराव से बिगड़ी यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने मनपा के पीडब्ल्यूडी विभाग को नोटिस जारी किया है। समय पर सुधार नहीं होने पर दुर्घटना और जनहानि की जिम्मेदारी विभाग की होगी
मीरा-भाईंदर में लगातार हो रही बारिश के बीच शहर की बदहाल सड़कों और जलभराव ने यातायात व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढों, जलभराव, अधूरे सड़क निर्माण कार्य और अतिक्रमण के कारण रोजाना लंबे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए काशीमीरा ट्रैफिक शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त ने मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यकारी अभियंता को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि ठाणे-घोड़बंदर राज्य मार्ग पर चेन्नईंग नाका से वरसावे वाहिनी क्षेत्र, काजूपाड़ा, काशीमीरा स्थित एस.के. स्टोन नाका, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सहित कई स्थानों पर बारिश का पानी जमा होने और सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने नोटिस में यह भी उल्लेख किया है कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार महानगरपालिका को पत्र लिखकर आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके समय पर कार्रवाई नहीं होने से शहर की यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संबंधित खामियों को जल्द दूर नहीं किया गया और भविष्य में किसी दुर्घटना, कानून-व्यवस्था की समस्या या जनहानि की घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की मानी जाएगी। इस नोटिस की प्रतियां मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त, सार्वजनिक निर्माण विभाग और संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। उनका आरोप है कि सड़कों की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था समय पर नहीं होने से आम लोगों को रोजाना जाम और दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ रहा है
What's Your Reaction?