काशीमीरा पुलिस का नशा और साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ा अभियान, लोगों को किया जागरूक
मीरा-भायंदर के काशीमीरा में पुलिस और सत्या फाउंडेशन द्वारा नशा विरोधी एवं साइबर क्राइम जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रहने, अभिभावकों से सहयोग की अपील की और साइबर ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए
काशीमीरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले के मार्गदर्शन में काशीमीरा पुलिस स्टेशन और सत्या फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मुलसी कंपाउंड, काशीमीरा में नशा विरोधी एवं साइबर क्राइम जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अभियान का समर्थन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि यदि उनके बच्चों के नशे की लत में फंसने की आशंका हो या किसी प्रकार की शिकायत हो, तो बिना किसी डर या संकोच के पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और संबंधित बच्चों को उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही नशे जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस अवसर पर साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों से बचाव के उपाय विस्तार से बताए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाता है, तो घबराने के बजाय तुरंत पुलिस और संबंधित साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम को स्थानीय नागरिकों का सकारात्मक प्रतिसाद मिला। उपस्थित लोगों ने काशीमीरा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि जनजागरूकता ही नशे और साइबर अपराधों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है, और इसी उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे
What's Your Reaction?