मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को फंसाने वाला अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार, 25 से अधिक महिलाओं से करोड़ों की ठगी का खुलासा

मिरा-भाईंदर की अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-1 ने मैट्रिमोनियल साइट और अखबारों में दिए गए वैवाहिक विज्ञापनों का दुरुपयोग कर महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाने वाले एक अंतरराज्यीय ठग को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी पहचान के जरिए दिव्यांग, तलाकशुदा और असहाय महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी की। जांच में देशभर की 25 से अधिक महिलाओं को निशाना बनाने का खुलासा हुआ है।

Jun 13, 2026 - 22:48
 0  0
मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को फंसाने वाला अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार, 25 से अधिक महिलाओं से करोड़ों की ठगी का खुलासा

अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-1 ने एक बड़े अंतरराज्यीय विवाह फर्जीवाड़ा रैकेट का पर्दाफाश करते हुए ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और समाचार पत्रों में प्रकाशित वैवाहिक विज्ञापनों के माध्यम से महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनसे करोड़ों रुपये की ठगी करता था।

नयानगर पुलिस थाने में वर्ष 2022 में दर्ज एक शिकायत के अनुसार, 75 वर्षीय महिला ने बताया था कि उनकी 45 वर्षीय बेटी के विवाह के लिए उन्होंने एक अंग्रेजी समाचार पत्र में प्रकाशित वैवाहिक विज्ञापन के आधार पर आरोपी से संपर्क किया था। आरोपी ने फर्जी नाम और पहचान का इस्तेमाल कर वर्ष 2019 में पीड़िता से विवाह किया।

विवाह के बाद आरोपी ने लखनऊ में फ्लैट खरीदने और दो मंजिला मकान बनवाने का झांसा देकर पीड़ित परिवार को अपना फ्लैट बेचने के लिए मजबूर किया और उनसे करीब 82 लाख रुपये हासिल कर लिए। इसके बाद उसने रिश्तेदारों की शादी का बहाना बनाकर महिला को दिल्ली ले जाकर उसके 33 तोला सोने और हीरे के आभूषण भी हड़प लिए और मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा कक्ष-1 ने तकनीकी और गुप्त जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नाम बदलकर उत्तर प्रदेश के नोएडा क्षेत्र में रह रहा है। पुलिस टीम ने ग्रेटर नोएडा पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान अनुजकुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी के रूप में हुई। जांच में यह भी सामने आया कि वह कई फर्जी नामों का उपयोग कर दिव्यांग, तलाकशुदा और असहाय महिलाओं को सहानुभूति और प्रेम का झांसा देकर ठगी करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई BMW X1 कार, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के पुत्र को भी सह-आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में देशभर की 25 से अधिक महिलाओं को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी महिला या परिवार के साथ मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से इसी प्रकार की धोखाधड़ी हुई हो, तो वे तत्काल अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-1 से संपर्क करें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow