पानी संकट पर मनसे का अनोखा आंदोलन, भगवानों को लेकर पहुंची महानगरपालिका
मीरा-भाईंदर में पानी संकट को लेकर मनसे ने अनोखा आंदोलन किया। गणपति बप्पा, भगवान शिव, श्रीकृष्ण और माता पार्वती के वेश में कार्यकर्ता महानगरपालिका पहुंचे और प्रशासन से जल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
मीरा-भाईंदर शहर में बढ़ती पानी की समस्या को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने सोमवार को मीरा-भाईंदर महानगरपालिका में अनोखा आंदोलन किया।
मनसे के शहर अध्यक्ष संदीप राणे के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ता भगवान गणेश, भगवान शिव, श्रीकृष्ण और माता पार्वती के वेश में महानगरपालिका पहुंचे। आंदोलनकारियों ने प्रशासन का ध्यान शहर में व्याप्त पानी संकट की ओर आकर्षित करते हुए सवाल किया कि आखिरकार नागरिकों को नियमित पानी कब मिलेगा।
इस दौरान मनसे कार्यकर्ताओं ने महानगरपालिका आयुक्त से मुलाकात कर शहर के विभिन्न हिस्सों में हो रही पानी की कमी और अनियमित जलापूर्ति को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पानी की समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि अब जनता के साथ-साथ भगवानों को भी महानगरपालिका का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है।
मनसे ने प्रशासन से पानी संकट का स्थायी समाधान निकालने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन और उग्र आंदोलन करेगा। इस अनोखे प्रदर्शन ने नागरिकों और प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
What's Your Reaction?