बॉटलनेक ब्रिज विवाद पर फिर गरमाई राजनीति; मंत्री प्रताप सरनाईक ने दिए तकनीकी जांच के आदेश

मिरा-भाईंदर के बॉटलनेक ब्रिज विवाद पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एमएमआरडीए को पत्र लिखकर स्वतंत्र तकनीकी जांच की मांग की है। पुल की गुणवत्ता और सुरक्षा प्रमाणपत्र पर उठे सवाल।

Jun 23, 2026 - 21:43
 0  0
बॉटलनेक ब्रिज विवाद पर फिर गरमाई राजनीति; मंत्री प्रताप सरनाईक ने दिए तकनीकी जांच के आदेश

मिरा-भाईंदर शहर के बहुचर्चित बॉटलनेक ब्रिज के उद्घाटन के बाद शुरू हुआ विवाद एक बार फिर राजनीतिक रंग पकड़ता नजर आ रहा है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पुल के निर्माण में गंभीर खामियों और सुरक्षा संबंधी सवालों को गंभीरता से लेते हुए मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के आयुक्त को पत्र भेजकर स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

पत्र में पुल की असमतल सतह के कारण वाहन चालकों को हो रही परेशानी का उल्लेख किया गया है। साथ ही पुल पर संभावित दुर्घटनाओं की आशंका जताते हुए इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। मंत्री सरनाईक ने यह भी पूछा है कि जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने से पहले पुल का उद्घाटन किस आधार पर किया गया और उसे सुरक्षा प्रमाणपत्र किस अधिकारी द्वारा प्रदान किया गया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करते हुए दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। सरनाईक ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बॉटलनेक ब्रिज को लेकर पहले भी निर्माण गुणवत्ता और जल्दबाजी में उद्घाटन किए जाने के आरोप लगते रहे हैं। अब मंत्री के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow