मीरा रोड को मिला स्वतंत्र राशन कार्यालय, हजारों राशन कार्डधारकों को बड़ी राहत
महाराष्ट्र सरकार ने मीरा रोड में स्वतंत्र राशन (शिधावाटप) कार्यालय शुरू करने को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। विधायक नरेंद्र मेहता के लगातार प्रयासों के बाद जारी इस फैसले से मीरा-भाईंदर के हजारों राशन कार्डधारकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब राशन कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए नागरिकों को दूर नहीं जाना पड़ेगा
मीरा रोड क्षेत्र के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। महाराष्ट्र सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने मीरा रोड में स्वतंत्र राशन (शिधावाटप) कार्यालय शुरू करने को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस संबंध में 21 जुलाई 2026 को शासनादेश जारी किया गया।
विधायक नरेंद्र मेहता ने 13 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री से मीरा रोड में अलग राशन कार्यालय शुरू करने की मांग की थी। लंबे समय से किए गए उनके प्रयासों के बाद सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इससे पहले मीरा-भाईंदर क्षेत्र के राशन कार्यालय को माजीवड़ा कार्यालय से जोड़ने का प्रस्ताव था। लेकिन माजीवड़ा और मीरा-भाईंदर के बीच लगभग 20 किलोमीटर की दूरी, घोड़बंदर रोड पर भारी ट्रैफिक और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए विधायक मेहता ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था।
सरकार के नए निर्णय के अनुसार मीरा-भाईंदर के 39 अधिकृत राशन दुकानों और 3 अतिरिक्त दुकानों सहित कुल 42 राशन दुकानों को नए मीरा रोड राशन कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में शामिल किया जाएगा।
इस फैसले के बाद राशन कार्ड में नाम जोड़ना, नाम हटाना, पता बदलना, त्रुटि सुधार, शिकायत दर्ज कराना और अन्य राशन संबंधी कार्य स्थानीय स्तर पर ही हो सकेंगे। इससे नागरिकों का समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा सरकारी सेवाएं अधिक सुगम होंगी।
नए कार्यालय के संचालन के लिए 24 नियमित पदों और 4 आउटसोर्स पदों को भी मंजूरी दी गई है। इनमें राशन अधिकारी, सहायक राशन अधिकारी, राशन निरीक्षक, लिपिक, टंकलेखक, चपरासी, स्वीपर और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
विधायक नरेंद्र मेहता ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे मीरा-भाईंदर के हजारों राशन कार्डधारकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यक्षमता भी बेहतर होगी
What's Your Reaction?