नशे के धुएं में खोता मीरा-भाईंदर! नयानगर में दिनदहाड़े चिलम पीते दिखे नशेड़ी

मुंबई से सटे मीरा-भाईंदर में नशे का कारोबार और नशाखोरी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। मीरा रोड के नयानगर बैक रोड पर दिनदहाड़े दो लोग सड़क किनारे बैठकर चिलम पीते हुए दिखाई दिए। पुलिस द्वारा ड्रग्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई के दावों के बावजूद शहर में खुलेआम नशा किए जाने के दृश्य सामने आने से कानून-व्यवस्था और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने नशा बेचने वालों और उनके नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Jun 16, 2026 - 22:29
 0  0
नशे के धुएं में खोता मीरा-भाईंदर! नयानगर में दिनदहाड़े चिलम पीते दिखे नशेड़ी

मुंबई से सटे मीरा-भाईंदर शहर में नशे का जाल लगातार फैलता नजर आ रहा है। शहर में अमली पदार्थों की खुलेआम बिक्री और नशेड़ियों की बढ़ती मौजूदगी ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच मीरा रोड के नयानगर इलाके के बैक रोड से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक दिनदहाड़े सड़क किनारे बैठकर चिलम पीते दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशे का कारोबार लंबे समय से सक्रिय है और कई स्थानों पर नशेड़ी खुलेआम नशा करते नजर आते हैं। वायरल वीडियो ने एक बार फिर शहर में ड्रग्स के बढ़ते नेटवर्क और उसकी उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के पुलिस आयुक्त नितेश कौशिक ने हाल ही में पत्रकार परिषद में बताया था कि पिछले दो वर्षों में पुलिस ने रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अमली पदार्थ जब्त किए हैं। इसके अलावा ड्रग्स बनाने वाली कई फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ कर ड्रग्स तस्करों और पेडलर्स को गिरफ्तार किया गया है।

हालांकि पुलिस की इन कार्रवाइयों के बावजूद शहर में नशे का कारोबार पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है। नयानगर का यह वीडियो पुलिस की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर रहा है। नागरिकों का कहना है कि जब सार्वजनिक स्थानों पर दिनदहाड़े नशा किया जा रहा है, तो यह कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

स्थानीय नागरिकों ने ड्रग्स तस्करों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं कुछ लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानीय स्तर पर मिलने वाले संरक्षण के कारण नशे का नेटवर्क फल-फूल रहा है। नागरिकों का मानना है कि जब तक पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए व्यापक और प्रभावी अभियान नहीं चलाया जाता, तब तक मीरा-भाईंदर को नशामुक्त बनाना मुश्किल होगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow