मिरा रोड के लोढा रोड पर फेरीवालों की दबंगई?वाहन चालक को घेरकर की गाली-गलौज, शिकायत के बाद मनपा की औपचारिक कार्रवाई पर उठे सवाल
मिरा रोड के लोढा रोड इलाके में फेरीवालों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि वाहन चालक को घेरकर गाली-गलौज की गई। शिकायत के बाद मनपा की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जहां लोगों ने इसे केवल औपचारिक कार्रवाई बताया है।
मिरा रोड के लोढा रोड इलाके में फेरीवालों की बढ़ती दबंगई का मामला सामने आया है। रविवार 10 मई को एक वाहन चालक को कथित तौर पर फेरीवालों ने घेरकर गाली-गलौज और धमकी दी। मामले की शिकायत के बाद सोमवार 11 मई को मीरा-भाईंदर महानगरपालिका प्रशासन द्वारा फेरीवालों पर कार्रवाई की गई, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने इसे केवल दिखावटी कार्रवाई बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाईंदर पूर्व निवासी एक व्यक्ति अपने बीमार मित्र से मिलने मिरा रोड क्षेत्र में पहुंचे थे। लोढा रोड स्थित बाणेघर गली के मोड़ पर उन्होंने पता पूछने के लिए कुछ देर वाहन रोका था। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद फेरीवालों ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ महिला फेरीवालों द्वारा भी वाहन हटाने को लेकर धमकी देने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फेरीवालों ने वाहन को चारों ओर से घेर लिया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह क्षेत्र मनपा के प्रभाग क्रमांक 5 के अंतर्गत आता है, लेकिन नियमित कार्रवाई नहीं होने से लोढा रोड पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण बढ़ गया है। फुटपाथ, बस स्टॉप और सड़क किनारे फेरीवालों के कब्जे के कारण चौड़ी सड़क पर भी नागरिकों को केवल 10 से 15 फुट जगह ही उपयोग के लिए बचती है।
घटना के दौरान वाहन चालक ने मदद के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया था, लेकिन तत्काल कोई सहायता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि करीब तीन से चार घंटे बाद पुलिस की ओर से संपर्क किया गया। वहीं नया नगर पुलिस थाने से संपर्क करने पर दो बीट मार्शल मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उन्होंने उल्टा वाहन चालक को ही धमकाया।
इस घटना के बाद लोढा रोड इलाके में फेरीवालों की बढ़ती दबंगई और प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई और कड़ी पुलिस व्यवस्था की मांग की है।
What's Your Reaction?