दोस्त ने ही किया दोस्त के घर में 55 लाख की चोरी, काशीमीरा पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

मिरा-भाईंदर के काशीमीरा इलाके में दोस्त के घर से 55.55 लाख रुपये के सोने और नकदी की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया। तीन आरोपी गिरफ्तार, 68.70 लाख रुपये का माल बरामद।

Jun 23, 2026 - 21:50
 0  1
दोस्त ने ही किया दोस्त के घर में 55 लाख की चोरी, काशीमीरा पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

मिरा-भाईंदर के काशीमीरा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई 55.55 लाख रुपये की बड़ी घरफोड़ चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 68.70 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 मई से 11 जून 2026 के बीच अज्ञात आरोपियों ने शिकायतकर्ता के घर की चाबी का इस्तेमाल कर घर में प्रवेश किया और 387.06 ग्राम सोने के आभूषण तथा 80 हजार रुपये नकद समेत कुल 55.55 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। इस संबंध में काशीमीरा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 291/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम डिटेक्शन शाखा ने जांच शुरू की और तकनीकी तथा गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपी अली असगर मुसाजी सौदागर (24) और तसनीम मुसाजी सौदागर (46) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध कबूल कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता के घर की चाबी चुराकर उसी की मदद से चोरी को अंजाम दिया था। 

आरोपियों ने चोरी के सोने के आभूषण हितेंद्र बाबूलाल चोरड़िया नामक ज्वेलर्स कारोबारी को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कुल 378.80 ग्राम सोना, 10.50 लाख रुपये नकद, अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन समेत कुल 68.70 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। 

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे, पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त गणपत पिंगळे तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले के मार्गदर्शन में क्राइम डिटेक्शन शाखा और काशीमीरा पुलिस की टीम ने की। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow