अल्टीमेटम के बाद खुला दिल्ली दरबार फ्लाईओवर, सुरक्षा इंतजाम अभी भी अधूरे
मिरा-भाईंदर के दिल्ली दरबार फ्लाईओवर का ठाणे से मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग शुरू कर दिया गया, लेकिन डिवाइडर, लाइटिंग पोल और सुरक्षा दीवार सहित कई सुरक्षा कार्य अभी भी अधूरे हैं। इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अपने निर्माण कार्य को लेकर पहले से ही विवादों में घिरा दिल्ली दरबार फ्लाईओवर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। मिरा-भाईंदर में स्थित दिल्ली दरबार फ्लाईओवर का ठाणे से मुंबई की ओर जाने वाला एक मार्ग रविवार को वाहनों के लिए खोल दिया गया।
हालांकि, फ्लाईओवर पर डिवाइडर, लाइटिंग पोल, सुरक्षा दीवार समेत कई महत्वपूर्ण सुरक्षा कार्य अभी भी अधूरे बताए जा रहे हैं। ऐसे में अधूरे काम के बावजूद पुल को शुरू किए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक द्वारा दिए गए अल्टीमेटम के बाद फ्लाईओवर के एक हिस्से को यातायात के लिए खोलने का निर्णय लिया गया। इससे पहले मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।
इस दौरान यातायात पुलिस निरीक्षक प्रफुल्ल वाघ ने स्पष्ट कहा कि पुल पर शेष सुरक्षा कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए एमएमआरडीए को पत्र लिखकर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने का आग्रह किया गया है।
फिलहाल, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों के बीच इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि अधूरे सुरक्षा इंतजामों के बीच पुल को शुरू करना कितना सुरक्षित है।
What's Your Reaction?