धर्मांतरण के शक में भाईंदर में बवाल! दो गुटों में मारपीट, पुलिस स्टेशन तक पहुंचा विवाद
भाईंदर पश्चिम में धर्मांतरण के शक को लेकर दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया। प्रार्थना सभा में धर्मांतरण होने के शक के बाद विवाद बढ़ा और दोनों पक्ष पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिस जांच में मौके पर धर्मांतरण किए जाने की बात सामने नहीं आई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है
भाईंदर पश्चिम में धर्मांतरण के शक को लेकर दो गुटों के बीच विवाद के बाद तनाव का माहौल बन गया। भाईंदर पश्चिम में एक प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण किए जाने के शक में बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जोरदार बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद धक्कामुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलते ही भाईंदर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग भाईंदर पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां भी विवाद और पुलिसकर्मियों से बहस होने की स्थिति बनी।
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने इलाके और पुलिस स्टेशन में अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात किया।
पुलिस की जांच में मौके पर किसी तरह का धर्मांतरण किए जाने की बात सामने नहीं आई। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा विवाद गलतफहमी और शक के चलते हुआ।
भाईंदर पश्चिम पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कांबळे ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने और शांति बनाए रखने की अपील की है
What's Your Reaction?