मीरा-भाईंदर में ‘स्वच्छ दिवाली, शुभ दिवाली’ अभियान को लेकर समीक्षा बैठक
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद शर्मा की अध्यक्षता में ‘स्वच्छ दिवाली, शुभ दिवाली’ अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिवाली के दौरान शहर की सफाई, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा रोकने और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। मनपा ने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, प्लास्टिक का इस्तेमाल टालने और पर्यावरण अनुकूल दिवाली मनाने की अपील की है।
दिवाली के त्योहार को देखते हुए शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने ‘स्वच्छ दिवाली, शुभ दिवाली’ अभियान के तहत तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में सोमवार सुबह मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दिवाली के दौरान शहर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने से रोकने और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न उपक्रमों की समीक्षा की गई।
शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और आसपास के इलाकों को साफ रखने के लिए जरूरी उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
बैठक में नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा, पटाखों के कारण पैदा होने वाले कचरे को उचित तरीके से इकट्ठा करने और उसका निपटारा करने पर भी जोर दिया गया।
मनपा की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वच्छता के नियमों का पालन करें और पर्यावरण अनुकूल तरीके से दिवाली मनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि त्योहार के दौरान मीरा-भाईंदर शहर को स्वच्छ और सुंदर रखा जा सके।
What's Your Reaction?