मीरा-भाईंदर क्राइम ब्रांच का तेलंगाना में बड़ा एक्शन! MD ड्रग्स की केमिकल फैक्ट्री ध्वस्त, सलीम डोला समेत 25 आरोपी गिरफ्तार, ₹146 करोड़ का माल जब्त!
मीरा-भाईंदर क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने तेलंगाना में MD ड्रग्स के लिए केमिकल तैयार करने वाली फैक्ट्री को ध्वस्त किया। मामले में 25 आरोपियों की गिरफ्तारी और करीब ₹146 करोड़ का मुद्देमाल जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान गुजरात के कच्छ और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी MD ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया।
MD ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मीरा-भाईंदर क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने तेलंगाना में केमिकल तैयार करने वाली एक फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशमैलाराम, पटनचेरू इलाके में की गई। इस मामले में कुख्यात ड्रग्स माफिया सलीम डोला समेत 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले में करीब 146 करोड़ रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 44 किलो 699 ग्राम रासायनिक पाउडर बरामद किया, जिसकी कीमत 27 लाख 6 हजार 740 रुपये बताई गई है। इसके अलावा अन्य केमिकल और प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने MD ड्रग्स के निर्माण और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ाया।
इस मामले की जांच के दौरान गुजरात के कच्छ और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में MD ड्रग्स बनाने वाली दो अवैध फैक्ट्रियों को भी ध्वस्त किया गया है। नालासोपारा से शुरू हुई जांच मुंबई, नालासोपारा, कल्याण, नेरळ, जलगांव, गुजरात, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना तक पहुंची। इन विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मीरा-भाईंदर क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को MD ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?