महिला पर केमिकल फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार, पहले भी दो महिलाओं पर कर चुका था हमला
भाईंदर में महिला पर केमिकल जैसा तरल पदार्थ फेंकने वाले आरोपी को नवघर पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले भी दो महिलाओं पर इसी तरह का हमला कर चुका था
भाईंदर पूर्व स्थित नवघर पुलिस ने एक महिला पर केमिकल जैसा तरल पदार्थ फेंकने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनिवास मोहनलाल कुमावत (39) के रूप में हुई है। आरोपी विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। अगस्त की शाम पीड़िता ललित पाटील (25) नवघर रोड स्थित बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने उन पर केमिकल जैसा तरल पदार्थ फेंक दिया, जिससे उनके शरीर में तेज जलन होने लगी। उपचार के बाद पीड़िता ने नवघर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, 3मामले की गंभीरता को देखते हुए नवघर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से केमिकल से भरी एक बोतल भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने केवल इतना कहा कि, मुझसे गलती हो गई, मुझे माफ कर दीजिए। हालांकि, वह हमले के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बता सका।
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी इससे पहले भी दो अन्य महिलाओं पर इसी तरह के केमिकल हमले कर चुका है। पुलिस के मुताबिक यह उसका तीसरा ऐसा अपराध है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने भी आरोपी की पहचान कर ली है। मामले की आगे की जांच नवघर पुलिस कर रही है
What's Your Reaction?