मीरा रोड के नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, विपक्ष की नेता आफरीन हुसैन ने उठाई कुंपण और शौचालय निर्माण की मांग
मीरा रोड के विभिन्न नालों का निरीक्षण करने के बाद विपक्ष की नेता सय्यद आफरीन मुजफ्फर हुसैन ने सुरक्षा के लिए फेंसिंग लगाने और सृष्टि व लोढा बैक रोड क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग उठाई है।
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की विपक्ष की नेता एवं नगरसेविका सय्यद आफरीन मुजफ्फर हुसैन ने मीरा रोड क्षेत्र के विभिन्न नालों का निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जाफरी नाला, सना मस्जिद परिसर तथा लोढा रेलवे ट्रैक के समीप स्थित नालों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर नालों के किनारे सुरक्षा के लिए कोई सुरक्षात्मक कुंपण (फेंसिंग) नहीं है, जिससे नागरिकों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। इसके अलावा नालों में बड़े पैमाने पर कचरा फेंके जाने से गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों की समस्या भी बढ़ती नजर आई।
इस संबंध में आफरीन हुसैन ने स्वच्छता निरीक्षक अनिल राठोड को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जाफरी नाला, सना मस्जिद परिसर और लोढा रेलवे ट्रैक के पास स्थित नालों के किनारे टीन की फेंसिंग लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि फेंसिंग लगाए जाने से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और नालों में कचरा फेंकने की घटनाओं पर भी रोक लग सकेगी। इसके अलावा मीरा रोड के सृष्टि परिसर और लोढा बैक रोड क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की कमी के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आफरीन हुसैन ने मांग की कि इन क्षेत्रों में जल्द से जल्द नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाए, ताकि नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन से स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की।
What's Your Reaction?